बीजेपी विधायक रेखा गुप्ता दिल्ली की अगली सीएम
रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण समारोह दोपहर 12 बजे से शुरू होगा.

शालीमार बाग से भाजपा विधायक रेखा गुप्ता दिल्ली की 9वीं मुख्यमंत्री के तौर पर कुछ देर में शपथ लेंगी। शपथ ग्रहण समारोह दोपहर 12 बजे रामलीला मैदान में होगा।
रेखा गुप्ता ने पहली बार विधानसभा का चुनाव जीता है। वह शालीमार बाग सीट से विधायक चुनी गई हैं। उन्होंने विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार वंदना कुमारी को 29,595 वोटों के बड़े अंतर से मात दी है।
रेखा गुप्ता बचपन से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की सक्रिय सदस्य हैं। संघ की छात्र शाखा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के जरिये उन्होंने छात्र राजनीति में एंट्री मारी थी। 1994-95 में वह दौलत राम कॉलेज में सचिव चुनी गईं. रेखा गुप्ता के पति मनीष गुप्ता हैं जो एक स्पेयर पार्ट्स कारोबारी हैं. रेखा गुप्ता दो बच्चों की मां हैं। उनका एक बेटा निकुंज गुप्ता और एक बेटी हर्षिता गुप्ता हैं।
रेखा गुप्ता के साथ 6 मंत्री भी शपथ लेंगे। इसमें अरविंद केजरीवाल को हराने वाले प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंदर इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह का नाम शामिल है।
शपथ से पहले रेखा गुप्ता ने आज सुबह मीडिया से बातचीत में कहा,’यह बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। मुझ पर भरोसा जताने के लिए मैं PM मोदी और पार्टी हाईकमान का शुक्रिया अदा करती हूं। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं दिल्ली की CM बनूंगी। मैं शीशमहल में नहीं रहूंगी।’
शीशमहल दिल्ली के मुख्यमंत्री का आधिकारिक आवास है। अरविंद केजरीवाल ने इसे बनवाया था। भाजपा का आरोप है कि केजरीवाल ने इसे बनवाने में नियमों को ताक पर रखकर करोड़ों रुपए खर्च किए थे। भाजपा ने इसे चुनावी मुद्दा भी बनाया था।